2022-01-29 10:30
नापासर टाइम्स। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष के पद से बर्खास्तगी के बाद डीपी जारौली को एसओजी अब कभी भी गिरफ्तार कर सकती है।
रीट पेपर लीक मामले में देर रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाईलेवल बैठक बुलाकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डीपी जारौली को बर्खास्त करने का फैसला किया है। जारौली की बर्खास्तगी के आदेश आज कभी भी जारी हो जाएंगे। इसके साथ ही रीट पेपर लीक मामले में हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाएगी, यह कमेटी मौजूदा सिस्टम के लूपहोल ढूंढकर भविष्य में पेपर लीक रोक का फूलप्रूफ प्लान सुझाएगी। इधर शनिवार को मीडिया से बात करते हुए बोर्ड अध्यक्ष बोले- पेपर लीक बिना राजनीतिक संरक्षण के नहीं हो सकता। उन्होंने कहा मेरी सिर्फ पेपर पहुंचाने की जिम्मेदारी थी।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डीपी जारौली ने कहा कि परीक्षा के लिए जिला समन्वय बनाए गए थे। जिला परीक्षा संचालन समिति की जिम्मेदारी में पेपर होते हैं। मेरी जिम्मेदारी तो केवल पेपर पहुंचाने की थी। गिरफ्तारी की बात पर बोले- मुझे कुछ पता नहीं है, शिक्षक रहा हूं, कई परीक्षाएं कराई हैं, जो भी हुआ सबके सामने है।
शुक्रवार देर रात बैठक में यह भी फैसला हुआ कि पेपर लीक मामले में जो भी कर्मचारी लिप्त होगा, उसे तत्काल सस्पेंड किया जाएगा। कई कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। एसओजी की जांच में कई कर्मचारियों पर भी शक गहरा रहा है। सीएम की अध्यक्षता में देर रात हुई बैठक में गृह और पुलिस के वरिष्ठ अफसरों के अलावा शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला और गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव भी मौजूद थे।