2022-02-12 16:03
नापासर टाइम्स। राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और कई जिलों में रात सर्द बनी हुई है। मौसम विभाग की माने तो 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। संभावना जताई जा रही है कि आठ से 10 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद भी संभावना रहेगी कि फरवरी के अंतिम सप्ताह के दौरान फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। ऐसे में साफ तौर पर कहा जा सकता है कि यह फरवरी सर्द रहने वाली है। मौसम विभाग का यह भी आंकलन है कि राजस्थान में कुछ स्थानों पर दिन के तापमान में उतार-चढाव देखने को मिल सकती है।
*15 फरवरी से छाए रहेंगे बादल*
मौसम विभाग की माने तो 15 फरवरी से ही प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। ऐसे में दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। जबकि रात सर्द रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है। वर्तमान में भी प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है और दिन के समय हल्की गर्मी रंग दिखा रही है। जबकि कुछ इलाकों में दिन के समय भी गर्मी असर नहीं दिखा पा रही।
*देश में कई जगह बारिश की चेतावनी*
मौसम विभाग की माने तो 18 फरवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता हैं। आईएमडी के मुताबिक अरब सागर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसके रविवार रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। उसके बाद 18 फरवरी तक राजस्थान के कुछ हिस्से को प्रभावित कर सकता है। इससे पूर्व मंगलवार से बादल छाने के साथ ही पारे में उतार-चढ़ाव का दौर भी जारी रहेगा। देश के अन्य हिस्सों की बात की जाए तो मौसम विभाग ने तमिलनाडु के दक्षिणी तटीय इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी हैै। उप हिमालयी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की उम्मीद है।
*मौसम का पूर्वानुमान*
12 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।
13 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।
14 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।
15 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
16 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
17 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
18 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।